Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की पहल पर जनपदभर में युवाओं छात्र-छात्राओं और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज को नशामुक्त साइबर अपराध मुक्त तथा महिला और बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में 16 मई 2026 को कोतवाली चंबा तथा थाना कैम्पटी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं शिक्षकों और अभिभावकों को सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कोतवाली चंबा पुलिस द्वारा कार्मल स्कूल चंबा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों के पालन सड़क सुरक्षा हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा शराब पीकर वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं थाना कैम्पटी क्षेत्र के चौकी नैनबाग पुलिस द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नई टिहरी की टीम के साथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनबाग में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशा उन्मूलन अभियान के तहत नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक मानसिक आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक और अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की गई। साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग फर्जी वीडियो कॉल ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड ओटीपी धोखाधड़ी फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा महिला संबंधी अपराध बाल अपराध गुड टच और बैड टच पॉक्सो अधिनियम तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। महिला सुरक्षा के लिए 1090 और 112 तथा बच्चों से संबंधित सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही उत्तराखंड पुलिस एप और गौरा शक्ति एप के उपयोग एवं महत्व के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इन जागरूकता कार्यक्रमों में 700 से अधिक छात्र-छात्राओं शिक्षकगणों अभिभावकों और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित और जागरूकता आधारित अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है ताकि युवा जागरूक बनें और समाज सुरक्षित एवं सशक्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp