Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 24 मई तक ही पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों का फील्ड वर्क अगले दिन तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए जिसके बाद ऑपरेटर प्रत्येक डाटा की गहन जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने इन्यूमेरेटर को निर्देशित किया कि फील्ड वर्क के दौरान विशेष रूप से सभी होटल और रिजॉर्ट में भवन गणना करते समय छोटी वीडियो भी बनाई जाए ताकि कार्य की पारदर्शिता और सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि बालगंगा कीर्तिनगर प्रतापनगर टिहरी नगर पालिका जाखनीधर कंडीसौड़ धनोल्टी नैनबाग नरेंद्रनगर और तहसील गजा क्षेत्रों में अगले दिन तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी भवनों की गणना शत-प्रतिशत पूरी होनी चाहिए और कोई भी भवन छूटना नहीं चाहिए। जिन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण हो चुका है वहां सुपरवाइजर तत्काल जांच कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि नहीं आनी चाहिए और डाटा अपलोडिंग पूरी सावधानी के साथ की जाए। बैठक में संबंधित अधिशासी अधिकारी और तहसीलदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp