Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर बीएलए-01 और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को पारदर्शी समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र मृत स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध और विश्वसनीय बनाना है। बैठक में बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे और मतदाताओं को फार्म भरने संबंधी जानकारी दी जाएगी। बीएलओ मतदाताओं की सहायता भी करेंगे। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलेगा तो वहां गणना प्रपत्र छोड़कर तीन बार भ्रमण किया जाएगा। मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन डाउनलोड और अपलोड कर सकते हैं जिनका सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को स्व-सत्यापित प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐनुमरेशन चरण के दौरान कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। इस दौरान केवल सत्यापन और लिंकिंग का कार्य किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आगे की प्रक्रिया में संबंधित अधिकारियों द्वारा दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है तो बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित स्थानांतरित मृत या डुप्लीकेट के रूप में चिन्हित करेंगे। ऐसे मतदाताओं की सूची पंचायत भवन नगरीय निकाय कार्यालय और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। बैठक में बताया गया कि आधार कार्ड केवल पहचान प्रमाण के रूप में मान्य होगा नागरिकता प्रमाण के रूप में नहीं तथा आधार संख्या देना वैकल्पिक रहेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को निर्वाचक नामावली का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावा और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान फॉर्म-6 फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग के लिए बीएलए-2 नियुक्त करने और मतदाताओं को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के अनुसार सभी राजनीतिक दलों से समय सीमा के भीतर बीएलए-2 की नियुक्ति पूरी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या हट गया है वे फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर अपना नाम पुनः दर्ज करा सकते हैं। बैठक में आम आदमी पार्टी से अनूप सिंह रावत भारतीय जनता पार्टी से राकेश जोशी गजेंद्र सिंह रावत और विनोद नेगी कांग्रेस से मदन लोहानी खिलाफ सिंह बिष्ट और ईश्वरी प्रसाद मैखुरी बहुजन समाज पार्टी से खेमराम कोटियाल उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गीताराम उनियाल सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp