Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के पर्यटन धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज सोमवार को केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि खुशहाली और उन्नति की कामना की। साथ ही विश्व को वैश्विक संकटों से मुक्ति और मानवता में शांति व सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना भी की। धाम पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए विशेष पूजा भी की। मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरे विश्व को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। सतपाल महाराज ने बताया कि उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है। बीमा प्रीमियम के रूप में 3 लाख 67 हजार 995 रुपये का चेक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि बीमा पॉलिसी के अनुसार मंदिर परिसर में भगदड़ प्राकृतिक आपदा अथवा आतंकवादी घटना से प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। पर्यटन मंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर आने से पहले डॉक्टर से स्वास्थ्य संबंधी सलाह अवश्य लें और अपनी शारीरिक स्थिति के अनुसार तैयारी करें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं इसलिए आवश्यक दवाएं और उपकरण साथ रखें। उन्होंने श्रद्धालुओं से पहचान पत्र और यात्रा अनुमति पत्र साथ रखने तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन का सहयोग करते हुए श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाएं। इस दौरान उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत और मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp