Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर सुरकंडा माता मंदिर और कद्दूखाल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु मां सुरकंडा देवी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पर्व के चलते क्षेत्र में वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया लेकिन टिहरी पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कद्दूखाल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। पुलिस बल द्वारा लगातार यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को सड़क किनारे व्यवस्थित ढंग से पार्क करवाते हुए जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार यातायात नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते रहे। इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू दर्शन व्यवस्था मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp