Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 हरिद्वार की तैयारियों के तहत कुंभ क्षेत्र को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही हरित हरिद्वार पहल को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। मेलाधिकारी एवं हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की उपाध्यक्ष सोनिका की पहल पर प्रस्तावित इस विशेष वृक्षारोपण अभियान को लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं गैरसरकारी संगठनों शिक्षण संस्थानों पर्यावरण संरक्षण से जुड़े समूहों तथा आम नागरिकों में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन में अभियान की तैयारियों को लेकर अभियान के नोडल अधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें लगभग चार दर्जन गैरसरकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय पहल बताया तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में आगामी मानसून सत्र के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान संचालित करने की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा स्वैच्छिक रूप से ली जाए ताकि अभियान दीर्घकालिक रूप से सफल हो सके। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभियान के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता न बनकर जनआंदोलन का रूप ले इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उन्हें संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गैरसरकारी संगठन स्वयंसेवी संस्थाएं तथा धर्मार्थ संगठन इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन की कोशिश है कि लोग इस अभियान से व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस करें और स्वयं आगे आकर पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्थानीय आवश्यकताओं एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुरूप लोगों की सहभागिता से यह तय किया जाएगा कि किस क्षेत्र में कौन से पौधे लगाए जाएं। इस अवसर पर माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिगंबर महंत राजगीरी महाराज जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल एचआरडीए के उद्यान अधिकारी जे.आर.जोशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल जिला प्रोविजन अधिकारी अविनाश भदौरिया उप प्रभागीय अधिकारी पूनम कैंथोला राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp