प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक नई टिहरी एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के निर्देशन में जनपद में संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना छाम पुलिस द्वारा कंडीसौड़ बाजार क्षेत्र में किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना प्रभारी छाम दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों किरायेदारों दुकानदारों तथा मकान मालिकों का सघन सत्यापन किया। सत्यापन अभियान के दौरान क्षेत्र में रहने वाले लोगों से आवश्यक जानकारी जुटाई गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दस्तावेजों की जांच भी की गई। पुलिस जांच में जिन मकान मालिकों और व्यक्तियों द्वारा किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया गया था उनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य व्यक्तियों का मौके पर ही सत्यापन कर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन पूर्ण कराया गया। थाना छाम पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अपने यहां निवास करने वाले किरायेदारों मजदूरों घरेलू सहायकों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि समय पर सत्यापन कराने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अपराधों की रोकथाम में मदद मिलती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किरायेदार सत्यापन अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। इसके लिए समय-समय पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे अभियान संचालित किए जा रहे हैं। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन और चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। आमजन से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
