Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क होकर यातायात प्रबंधन में जुटी हुई है। यात्रा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वाहनों को चरणबद्ध और नियंत्रित तरीके से आगे भेजा जा रहा है जिससे मार्ग पर यातायात का संतुलन बना रहे तथा यात्रियों को अनावश्यक जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस द्वारा श्रीनगर में बनाए गए होल्डिंग एरिया में यात्रा वाहनों को आवश्यकता अनुसार कुछ समय के लिए रोका जा रहा है, ताकि आगे के मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके। पुलिस टीमें लगातार फील्ड में मौजूद रहकर यातायात संचालन मार्गदर्शन निगरानी और आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं। पौड़ी पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यात्री धैर्य और संयम बनाए रखें तथा पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। उनका सहयोग न केवल उनकी यात्रा को सुरक्षित और सहज बनाएगा बल्कि अन्य श्रद्धालुओं की यात्रा को भी सुगम व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद पौड़ी पुलिस लगातार मुस्तैदी के साथ व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp