Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान जनपद में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। यात्राकाल में यातायात का दबाव बढ़ने के साथ ही बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौचर से कर्णप्रयाग के मध्य कई बार सड़क दुर्घटनाओं के कारण जन-धन की हानि की घटनाएं सामने आती रही हैं। इन दुर्घटनाओं की रोकथाम यात्रियों की सुरक्षा और सड़क पर बेहतर दृश्यता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कर्णप्रयाग पुलिस एवं अर्निमा सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस जनहितकारी अभियान के तहत गौचर-कर्णप्रयाग के मध्य बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कर्णप्रयाग पुलिस और अर्निमा सोसाइटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों अंधे मोड़ों और कम दृश्यता वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इन संवेदनशील स्थलों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। ये रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप रात्रि के समय कोहरे बारिश तथा अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में दूर से ही चमकते हैं जिससे वाहन चालकों को आगे आने वाले तीव्र मोड़ों सड़क की दिशा में बदलाव और संभावित खतरों के बारे में समय रहते स्पष्ट संकेत मिल सके। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए अर्निमा सोसाइटी के अंशुल भट्ट और अन्य सदस्यों ने कर्णप्रयाग पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। यह पहल समाज और पुलिस के बीच मजबूत समन्वय तथा आपसी विश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। कर्णप्रयाग पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब सामाजिक संगठन और आमजन पुलिस के साथ मिलकर जनहित के कार्यों में सहभागी बनते हैं तब ऐसे प्रयास अधिक प्रभावी और सफल सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp