Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में उत्साह उमंग और जनभागीदारी के साथ विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। जीआईसी कोटद्वार में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण तथा वेद निकेतन लक्ष्मण झूला में स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट की उपस्थिति में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन प्राणायाम सूक्ष्म व्यायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने जनपदवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में लोग योग को अपनाकर लाभान्वित हो रहे हैं। योग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उसके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास अनेक बीमारियों से बचाव के साथ-साथ स्वस्थ समृद्ध और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग मानसिक शांति आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग करने तथा योग के प्रति जागरूकता फैलाकर इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन विभाग द्वारा उपस्थित योग प्रेमियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं और आमजन को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवन जागरूक मतदान और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र पाण्डे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp