Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। NEET (UG)-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। जनपद के केंद्रीय विद्यालय पौड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित होने वाली परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस लाइन सभागार में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार एवं NEET (UG)-2026 के नोडल अधिकारी मनोज कुमार ठाकुर ने ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता अनुशासन और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश‌ यातायात प्रबंधन संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अनुचित गतिविधि या सुरक्षा संबंधी चूक को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे। पौड़ी पुलिस द्वारा दोनों परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को भी सक्रिय रखा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को सुरक्षित पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp