Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद चमोली में स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन गोपेश्वर स्थित पुलिस ग्राउंड में किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रातः आयोजित कार्यक्रम में बच्चों युवाओं महिलाओं वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। योग प्रशिक्षक रघुवीर सिंह के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों को सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान प्राणायाम विभिन्न योगासन एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि स्वस्थ जीवन व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को जीवन के लक्ष्यों को बेहतर ढंग से प्राप्त करने में सहायता करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होता है तथा स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान 83 वर्षीय भूतपूर्व सैनिक मोहन सिंह गड़िया को वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर समाज को प्रेरित करने के लिए राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर की जूनियर महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न योगासन एवं योग मुद्राओं का शानदार प्रदर्शन किया जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम के अलावा श्री बद्रीनाथ धाम मंदिर परिसर आईटीबीपी ग्राउंड गौचर सहित विभिन्न विकासखंडों विद्यालयों कार्यालयों और संस्थानों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी भेषज संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी भाजपा महामंत्री अरुण मैथानी पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp