प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की गई। इस दौरान उन विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया जहां गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन 50 प्रतिशत से कम पाया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाते हुए विशेष अभियान चलाया जाए तथा शेष प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति में सुधार लाया जाए ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक और समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके। बैठक में अधिकारियों को गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।
