Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी पुलिस परिवार ने अपने एक समर्पित कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ साथी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा को असमय खो दिया। 23 जून 2026 को कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई एक सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे टिहरी पुलिस परिवार में शोक की लहर है। उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का जन्म 2 अगस्त 1978 को हुआ था। भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं। अपने अनुशासन ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने पुलिस विभाग में एक अलग पहचान बनाई। उनके सराहनीय कार्यों को देखते हुए वर्ष 2023 में उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2017 से लगातार जनपद टिहरी गढ़वाल में तैनात रहकर उन्होंने जनसेवा कानून व्यवस्था और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव कर्तव्यपरायणता और सहयोगी व्यवहार उन्हें सहकर्मियों तथा आमजन के बीच सम्मान दिलाता रहा। उनके आकस्मिक निधन को टिहरी पुलिस परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। टिहरी पुलिस परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp