प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना पोखरी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे चार युवकों के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस को 23 जून 2026 को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में कुछ युवक शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हो-हल्ला कर रहे हैं और शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पोखरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने युवकों को समझाने और घर जाने की सलाह दी लेकिन नशे में धुत युवकों ने पुलिस की बात नहीं मानी और हंगामा जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चारों युवकों को हिरासत में लेकर थाना पोखरी लाया। पूछताछ में उनकी पहचान मुकेश निवासी वल्ली पोखरी अनूप निवासी किरोली पीपलकोटी अनिल निवासी किरोली पीपलकोटी तथा अनुज निवासी किरोली पीपलकोटी के रूप में हुई। सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने पर चारों युवकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में इस प्रकार की हरकत दोबारा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे में हुड़दंग करने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और आमजन की शांति भंग करने वालों के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
