Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बढ़ते तापमान और गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं अग्निशमन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया है कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों शॉपिंग मॉल होटल अस्पताल विद्यालय व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का पुनः मूल्यांकन किया जाए। साथ ही सभी स्थानों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण तथा अग्निशमन सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा सुनिश्चित की जाए। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए तथा संबंधित संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों गैस सिलेंडरों तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी अग्नि दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग अथवा पुलिस को देने का आग्रह किया गया है ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp