Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बरसात के मौसम में डेंगू मलेरिया और जल जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल ने व्यापक स्तर पर फॉगिंग एंटी लार्वा और एंटी इंसेक्टिसाइड छिड़काव अभियान शुरू कर दिया है। महापौर आरती भंडारी के निर्देश पर निगम की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर मच्छर जनित रोगों की रोकथाम में जुटी हुई है। सोमवार को निगम के पर्यावरण मित्रों द्वारा शहर के प्रमुख एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों गोला बाजार सब्जी मंडी अपर बाजार गुरुद्वारा रोड और गणेश बाजार में विशेष फॉगिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में फॉगिंग कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित किया गया तथा लार्वा नष्ट करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने ऐसे संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जहां पानी जमा होने की संभावना अधिक रहती है। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि मानसून के दौरान मच्छर जनित और जल जनित रोगों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पहले से ही रोकथाम संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि फॉगिंग के साथ-साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लार्वा एवं एंटी इंसेक्टिसाइड छिड़काव भी किया जा रहा है ताकि बीमारियों के खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहरवासियों का स्वास्थ्य नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम हर आवश्यक कदम उठा रहा है लेकिन इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा पानी जमा न होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूलर गमले पुराने टायर छतों और खाली बर्तनों में पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। यदि नागरिक इन स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देंगे तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता में ही सुरक्षा है और इसी उद्देश्य के तहत आने वाले दिनों में शहर के अन्य वार्डों में भी फॉगिंग एवं छिड़काव अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि बरसात के मौसम में नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp