Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। निर्जला एकादशी स्नान मेला पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई। एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव की अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सुरक्षा भीड़ नियंत्रण यातायात प्रबंधन तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए इस बार निर्जला एकादशी स्नान मेले के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से सौंप दी गई है। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी जवान अपने साथ पानी की बोतल रखें तथा डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ग्लूकोज और ओआरएस का उपयोग करें। सभी कर्मियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने अपने उच्चाधिकारियों एवं सहकर्मियों के संपर्क में रहने तथा ड्यूटी से संबंधित सभी जानकारियां पहले से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सादे वस्त्रों में तैनात पुलिसकर्मी एलआईयू और मोबाइल टीमें पूरे क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा शरारती तत्व की सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। क्राउड कंट्रोल और ट्रैफिक प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी जोनल और सेक्टर प्रभारियों को अपने अधीनस्थ पुलिस बल को पूरी तरह ब्रीफ करने को कहा गया। साथ ही श्रद्धालुओं के प्रति व्यवहार शालीन और संयमित रखने के निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा और सप्ताहांत के कारण हर की पौड़ी मनसा देवी चंडी देवी मंदिर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए इन स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। घाटों को लगातार खाली कराते रहने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं हाईवे पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी। जोनल एवं सेक्टर प्रभारी चौबीसों घंटे निगरानी रखेंगे तथा भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाएंगे। बम निरोधक दस्ता डॉग स्क्वॉड जल पुलिस फायर सर्विस एसडीआरएफ तथा अन्य विशेष इकाइयों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। मेला क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। सड़क किनारे वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ टोइंग और जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। निर्जला एकादशी स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए चार अपर पुलिस अधीक्षक 12 पुलिस उपाधीक्षक 19 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष 55 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक छह महिला उपनिरीक्षक 209 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल 36 महिला कांस्टेबल तीन यातायात निरीक्षक 12 यातायात उपनिरीक्षक 27 यातायात कर्मी दो बम निरोधक एवं डॉग स्क्वॉड टीमें चार फायर टेंडर यूनिट 10 अभिसूचना कर्मी तीन घुड़सवार दल 14 फ्लड कंपनी कर्मी 14 जल पुलिस कर्मी तीन कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल 200 होमगार्ड 200 पीआरडी जवान एक एसडीआरएफ टीम तथा दो सब कंपनी एटीएस को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्जला एकादशी स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp