Spread the love

प्रदीप कुमार
सतपुली-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम घड़ियाल चौबट्टाखाल क्षेत्र में रात के समय शराब के नशे में उत्पात मचाकर लोगों को धमकाने वाले एक व्यक्ति को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई और संभावित अप्रिय घटना टल गई। पुलिस के अनुसार 23/24 जून 2026 की रात यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घड़ियाल में एक व्यक्ति शराब के नशे और उग्र अवस्था में लड़ाई-झगड़ा कर रहा है तथा आसपास के लोगों को मारने पर उतारू है। सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना और लगातार गाली-गलौज करता रहा। इस दौरान वह हाथ में डंडा लेकर पड़ोसियों को मारने के लिए आक्रामक व्यवहार करने लगा जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया और शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर व्यक्ति को हिरासत में लिया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भास्कर सिंह (43 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय हयात सिंह निवासी ग्राम घड़ियाल मल्ला तहसील चौबट्टाखाल सतपुली जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सोहन लाल मुख्य आरक्षी टीकम सिंह तथा होमगार्ड देवेंद्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp