प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को निर्वाचन आयोग के निर्देशन में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया तथा सभी निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए बदरीनाथ कर्णप्रयाग और थराली विधानसभा क्षेत्रों के उन मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जहां गणना प्रपत्रों का एकत्रीकरण और डिजिटाइजेशन 10 प्रतिशत से कम पाया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कार्य में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए। जिलाधिकारी ने तकनीकी जानकारी रखने वाले अधिक से अधिक कर्मचारियों को पुनरीक्षण अभियान में शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही या कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने को कहा। बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र चंद्र सती वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गीता राम उनियाल उपस्थित रहे। जबकि जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
