Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों तथा जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सतेराखाल बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सतेराखाल बाजार स्थित एक व्यक्ति के घर की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से 11 अध्दे और 49 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की अवैध रूप से बरामद की गई। बरामद शराब के संबंध में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियान में उप आबकारी निरीक्षक मधुर कुमार आबकारी सिपाही रीना प्रधान किरण प्रधान सुंदरलाल तथा चंद्रिका भी शामिल रहे। आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण बिक्री और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp