Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने वाले फर्जी बाबाओं और छद्म वेशधारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ढोंगी बाबाओं को हिरासत में लिया है।‌ पुलिस के अनुसार ऐसे लोग साधु-संतों का वेश धारण कर भोले-भाले लोगों की धार्मिक भावनाओं और आस्था का फायदा उठाकर धन अर्जित कर रहे थे। साथ ही महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का प्रलोभन देकर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ऐसे कालनेमि और फर्जी बाबाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 25 जून 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान साधु-संतों के भेष में घूम रहे पांच व्यक्तियों को पकड़कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में सुनील पुत्र मुनीर निवासी शाहजहांपुर मार्ग हरदोई उत्तर प्रदेश जोगेंद्र पुत्र नहेस निवासी फत्तेपुर वसेन हंस बटौली हरदोई उत्तर प्रदेश पारसनाथ पुत्र सोहन निवासी बरहना खेड़ा हरदोई उत्तर प्रदेश मनोज पुत्र गुल्लू निवासी जनकपुर हरदोई उत्तर प्रदेश तथा पूरनमल पुत्र छोटे लाल निवासी हसनाडी जिला रोहतास बिहार शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्म की आड़ में लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp