Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना सिडकुल पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर 2,500-2,500 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। 10 जून 2026 को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली जिला पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी हेतमपुर थाना सिडकुल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल सहित 9-10 लोगों ने एक राय होकर लाठी डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमला किया। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर आवश्यक निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 24 जून 2026 को सिडकुल पुलिस टीम ने मामले में शामिल दो फरार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र स्वर्गीय रविंदर उर्फ पप्पू निवासी हेतमपुर‌ थाना सिडकुल उम्र 20 वर्ष तथा सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीण निवासी ग्राम हेतमपुर थाना सिडकुल उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों को संरक्षण देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी साक्ष्य मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की संपत्ति संबंधी कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान मुख्य आरक्षी संजय सिंह तथा मुख्य आरक्षी जितेन्द्र मलिक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp