प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र देवप्रयाग में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने इस उपलब्धि पर विधानसभा देवप्रयाग क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सभी सुपरवाइजरों बीएलओ तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी ने समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं शुद्ध बनाना है जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी प्रतिबद्धता समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य किया जो सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी प्रकार की कार्यशैली से आगे भी निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएंगे तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
