प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखंडों में 4 जुलाई से 19 जुलाई तक बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को मौके पर ही उपलब्ध कराया। अभियान का समापन रविवार को विकासखंड द्वारीखाल में आयोजित अंतिम जनसेवा शिविर के साथ हुआ। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक सरल पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। ऐसे शिविर सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने के साथ ही सरकार और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहे हैं। द्वारीखाल में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 182 आवेदन एवं प्रकरण प्राप्त हुए जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर में 495 ग्रामीणों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कृषि एवं उद्यान विभाग ने 16 लाभार्थियों को उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए। ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 24 स्वयं सहायता समूहों एवं लाभार्थियों ने लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों का विक्रय किया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 60 लोगों तथा आयुष विभाग ने 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। राजस्व विभाग ने चार लोगों को आय जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 15 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन संबंधी मामलों का सत्यापन किया। वहीं पशुपालन विभाग ने आठ लाभार्थियों को गोट वैली (बकरी पालन) योजना के अंतर्गत चेक वितरित किए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल बनाया। इस अवसर पर सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा विक्रम सिंह बिष्ट एवं अर्जुन सिंह नेगी विधायक प्रतिनिधि जयपाल सिंह खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
