प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी शासकीय अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार 20 जुलाई 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी विद्यालय जिनमें कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 20 जुलाई को पूर्णतः बंद रहेंगे। यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों शिक्षा अधिकारियों विद्यालय प्रबंधन समितियों तथा प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय प्रशासन जिला प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना करता है और विद्यालय संचालित करता है जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है तो संबंधित प्रधानाचार्य अथवा विद्यालय प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वर्षा के दौरान नदी-नालों गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सतर्कता बरतें ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
