Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी गढ़वाल/श्रीनगर गढ़वाल। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और दुकानों में नियमों के अनुपालन की जांच के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में गुरुवार को कोटद्वार में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ दुकानों में घटतौली कांटे का समय पर नवीनीकरण नहीं कराने तथा श्रमिकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य समय और वेतन से संबंधित शिकायतें सामने आईं। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में निरीक्षण दल ने बदरीनाथ मार्ग स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार रोडवेज बस स्टैंड के निकट टूरिस्ट स्वीट्स शॉप तथा तीलू रौतेली चौक के निकट हॉट एंड कोल्ड का निरीक्षण किया। बीकानेर मिष्ठान भंडार में घटतौली की शिकायत संज्ञान में आने पर उपजिलाधिकारी ने बाट-माप निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं हॉट एंड कोल्ड में कांटे का निर्धारित समय पर नवीनीकरण नहीं कराए जाने के मामले में नोटिस जारी करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टूरिस्ट स्वीट्स शॉप सहित संबंधित दुकानों में श्रमिकों से पूछताछ के दौरान उनसे 12-12 घंटे काम कराए जाने और नियमानुसार वेतन नहीं दिए जाने से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। इस पर श्रम विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण दल ने तीनों दुकानों से बर्फी लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई की। नमूनों की जांच के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन पीसी जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा के साथ बाट-माप निरीक्षक उमेश नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *