Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी शिक्षा विभाग में डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों पर पदोन्नत किया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद सभी पदोन्नत शिक्षा अधिकारियों को नई तैनाती दे दी गई है। इस संबंध में सचिव शिक्षा ज्योति यादव की ओर से पदोन्नति एवं पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग में कार्मिकों की पदोन्नति को लेकर विभागीय मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के निर्देशों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। डॉ.रावत ने समय-समय पर आयोजित विभागीय समीक्षा बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी कार्मिक की पदोन्नति लंबित नहीं रखी जाए। उन्होंने कहा था कि पदोन्नति कार्मिकों का मूल अधिकार है और उन्हें इससे वंचित नहीं रखा जा सकता। इसी क्रम में विभाग में संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को पदोन्नत कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पदोन्नति के बाद विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष के पद पर तैनाती दी गई है। चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा और आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की बनाया गया है। गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा के साथ प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। जगदीश प्रसाद काला को मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और सुरेश चन्द्र आर्य को मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल बनाया गया है। विनय आर्य को मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर और प्रेमलाल भारती को मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तरकाशी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर लाल टम्टा को मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधमसिंह नगर और चण्डी प्रसाद रतूड़ी को मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत बनाया गया है। अमित कोटियाल को मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली तथा संजीव जोशी को मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून और श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन बनाया गया है। पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा तथा शैलेन्द्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं रणजीत सिंह नेगी को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। वह पौड़ी के मुख्य शिक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होने के बाद जनपद पौड़ी की जिम्मेदारी संभालेंगे। विभाग के अनुसार इन शिक्षा अधिकारियों की पदोन्नति और नई तैनाती से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी जिसका सीधा लाभ प्रदेश के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग में डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत कर नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी पदोन्नत अधिकारियों के अनुभव और दक्षता से विभागीय कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *