प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम में हो रही बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस और प्रशासनिक टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में निरंतर जुटी हुई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने ठंड से बचाव के लिए श्रद्धालुओं को गर्म जैकेट और ऊनी कपड़े पहनने के साथ टोपी दस्ताने और गर्म मोजों का प्रयोग करने की सलाह दी है। शरीर को गर्म रखने के लिए समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और अनावश्यक रूप से खुले तथा अत्यधिक ठंडे स्थानों पर अधिक समय तक रुकने से बचने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि ठंड के कारण अस्वस्थ महसूस होने अत्यधिक कंपकंपी होने या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। बच्चों और बुजुर्गों के साथ पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से कहा है कि वे श्री केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान सतर्क रहें और मौसम के अनुरूप अपनी तैयारियां रखें। किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पुलिस और प्रशासनिक टीमों से सहायता प्राप्त करें। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।
