प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम में अत्यधिक ठंड और कम ऑक्सीजन के साथ विषम परिस्थितियों के बीच देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं के संचालन में रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान दिन-रात पूरी निष्ठा के साथ डटे हुए हैं। यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक तीर्थयात्रियों की हरसंभव सहायता करने वाले इन सुरक्षाकर्मियों के स्वास्थ्य और शारीरिक मजबूती को प्राथमिकता देते हुए धाम में विशेष स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन के लिए रुद्रप्रयाग जनपद में अपनी सेवाएं दे रहे अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह के विशेष प्रयासों से यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन देहरादून स्थित डेंटारा डॉट इन क्लीनिक और आदित्य रामदास फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक डॉ.रतिका सोलंकी द्वारा किया गया। शिविर के दौरान डॉ.रतिका सोलंकी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के स्वास्थ्य एवं दांतों का परीक्षण किया। अत्यधिक ठंड के मौसम में मुंह और दांतों से जुड़ी समस्याओं से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी देते हुए उन्होंने जवानों को उचित उपचार और नियमित देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया। इसके साथ ही दांतों की सामान्य और तात्कालिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए उपचार किया गया तथा जवानों को ओरल केयर किट भी वितरित की गईं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में निरंतर सजग रहकर सेवा दे रहे पुलिस बल के मनोबल और स्वास्थ्य कल्याण को ध्यान में रखते हुए किया गया यह प्रयास उपयोगी और सराहनीय रहा। केदारनाथ धाम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने इस पहल के लिए डॉ.रतिका सोलंकी का आभार व्यक्त किया।
