प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय टीमें जनपद के स्थानीय क्षेत्रों और जनपद की सीमाओं पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अभियान के अंतर्गत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडेय के साथ धनपुरा पदार्था एवं सुल्तानपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर कुल पांच मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बताशा के दो नमूने और गुलाब जामुन मिल्क केक मावा बर्फी सफेद रसगुल्ला तथा डोडा बर्फी का एक-एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स को खाद्य लाइसेंस में मिठाइयों की सही खाद्य श्रेणी शामिल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मिठाइयों के टीन और प्लास्टिक के डिब्बों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित करने को कहा गया। टीम ने स्पष्ट किया कि यह विवरण अंकित करने के बाद ही मिठाइयों की बाजार में बिक्री और आपूर्ति की जाए। टीम की कार्रवाई की सूचना मिलने पर एक रसगुल्ला निर्माण इकाई का मालिक अपनी मिठाई निर्माण इकाई बंद कर मौके से चला गया। इसके कारण उक्त इकाई में विभागीय कार्रवाई नहीं की जा सकी। वहीं एक बताशा निर्माण इकाई के निर्माण स्थल और संग्रह स्थल पर गंदगी पाए जाने तथा मशीनों की साफ-सफाई नहीं होने पर संबंधित इकाई को नोटिस जारी किया गया। इकाई संचालक को एक दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कमियां दूर करने के बाद ही मिठाई का निर्माण और बिक्री की जाए। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल आठ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
