Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना हिन्डोलाखाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 52 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना हिन्डोलाखाल पुलिस अंजनीसैंण क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली जिसमें उसके कब्जे से 52 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दर्शन लाल पुत्र ऋषिराम रतूड़ी निवासी ग्राम नवाकोट जाखणीधार जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 46 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल प्रकाश चन्द्र और हेड कांस्टेबल सूर्यप्रकाश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *