प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड नारायणबगड़ के ग्राम जाखोली सिमार में रविवार को बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में 219 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों को कुल 30 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित लोगों को राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 219 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग ने 15 किसानों को स्प्रेयर सहित अन्य कृषि उपकरण वितरित किए तथा ई-केवाईसी किसान कार्ड और कृषि संबंधी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। उद्यान विभाग ने 7 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज वितरित कर उन्नत खेती के लिए प्रेरित किया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया। पशुपालन विभाग ने 11 पशुपालकों को पशुओं की दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ ही पशुपालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी और आवश्यक परामर्श दिया। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। आयुष विभाग और होम्योपैथिक विभाग ने भी लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्तियों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके। इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन परिहार ग्राम प्रधान अनीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
