Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मौसम विभाग द्वारा 22 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 23 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशों के क्रम में रविवार को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संभावित अतिवृष्टि और आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित भारी वर्षा के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग अपने मानव संसाधन मशीनरी और आवश्यक उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों चिकित्सकीय उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा। विद्युत और पेयजल विभाग को निर्देशित किया गया कि संभावित भारी वर्षा के दौरान विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। यदि कहीं किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होती है तो उसे तत्काल दूर कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए। अपर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि जेसीबी मशीनें ऑपरेटर और अन्य आवश्यक मशीनरी भूस्खलन संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर पहले से तैनात रखी जाएं ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मलबा हटाकर यातायात बहाल किया जा सके और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित अतिवृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है और जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य कर नुकसान को न्यूनतम रखने का हर संभव प्रयास किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *