Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेले को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रविवार को पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पार्किंग क्षेत्र से करीब 30 अवैध दुकानें और ढाबे हटाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि एक दिन पूर्व जिलाधिकारी ने पंतद्वीप पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पार्किंग क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण का संज्ञान लेते हुए उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। उन्होंने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि यहां अवैध अतिक्रमण बना रहता तो श्रद्धालुओं की आवाजाही पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन प्रभावित हो सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए समय रहते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान अवैध रूप से स्थापित दुकानों ढाबों और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र से लगभग 30 अवैध दुकानें और ढाबे हटाए गए। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिशासी अभियंता ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी मेला क्षेत्र और उससे जुड़े अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि संपूर्ण मेला क्षेत्र स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे तथा श्रद्धालुओं को निर्बाध सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन सिंचाई विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रही और पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *