प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मानसून के दौरान श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद में सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ एनडीआरएफ डीडीआरएफ वाईएमएफ तथा न्यू टास्क फोर्स की टीमें विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रख रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवाड़ ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग के कुछ स्थानों पर पहाड़ियों से बोल्डर और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके चलते कुछ जगहों पर मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हो रहा है लेकिन प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि यात्रा सुरक्षित रूप से संचालित होती रहे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर पहले से ही एसडीआरएफ एनडीआरएफ डीडीआरएफ वाईएमएफ तथा न्यू टास्क फोर्स की तैनाती की गई है। इन सभी एजेंसियों के समन्वय से यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के बीच ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि गौरीकुंड चिरबासा भीमबली लिनचोली बड़ी लिनचोली सहित केदारनाथ पैदल मार्ग के अन्य संवेदनशील स्थलों पर आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें आवश्यक उपकरणों और संसाधनों के साथ तैयार हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे। जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें तथा यात्रा के दौरान केवल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार ही आगे बढ़ें। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के सहयोग और सतर्कता से ही यात्रा सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा सकती है। साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम न उठाने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की भी अपील की गई है।
