Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार यात्रा मार्ग की निगरानी कर रहा है। प्रशासन पुलिस तथा संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा निर्बाध रूप से संचालित होती रहे। जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि सहायक अभियंता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) गुप्तकाशी के अनुसार श्री केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को वर्तमान में पैदल यात्रियों के दोहरे आवागमन के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। इससे श्रद्धालु अब दोनों दिशाओं में सुरक्षित रूप से पैदल आवाजाही कर सकेंगे। यात्रा मार्ग पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घोड़ा-खच्चरों के संचालन के लिए फिलहाल एकतरफा व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से पैदल यात्रियों और घोड़ा-खच्चरों की आवाजाही व्यवस्थित रहेगी तथा यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना कम होगी। जिला प्रशासन द्वारा लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए यात्रा मार्ग की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। जहां भी आवश्यकता महसूस हो रही है वहां संबंधित विभागों द्वारा तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं और सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं ताकि यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही आवागमन करें। प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से ही श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग पर हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से बाबा केदार के दर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *