Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वन विभाग की गोपेश्वर रेंज और ताइक्वांडो टीम चमोली ने संयुक्त रूप से केदारनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत न्यू बस अड्डा गोपेश्वर के समीप स्थित अपर वनक्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं शिक्षकों तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। आयोजित वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 30 ताइक्वांडो छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व जैव विविधता के संरक्षण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में जनसहभागिता की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते बल्कि जल संरक्षण मिट्टी के कटाव को रोकने वन्यजीवों के संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रत्येक विद्यार्थी से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल करने उन्हें सुरक्षित रखने तथा अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ जुगल किशोर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। वृक्षारोपण अभियान में वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह वन दरोगा पृथ्वी सिंह अनूप कुमार वन रक्षक राजेंद्र सिंह आलोक सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ताइक्वांडो टीम के प्रशिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *