Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श जांच और निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न रोगों की जांच स्क्रीनिंग परामर्श टीकाकरण तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर के पहले दिन कुल 145 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 72 लोगों की हाईपरटेंशन और 41 लोगों की मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। इसके अलावा 34 एक्स-रे 36 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड तथा 86 लोगों की विभिन्न लैब जांच भी की गई। शिविर में किशोर स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया गया। 7 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। वहीं 10 लोगों की सर्वाइकल कैंसर 14 लोगों की स्तन कैंसर तथा 12 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही 3 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण और 12 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी शिविर में लोगों को उपलब्ध कराया गया। इस दौरान 3 लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया जबकि 9 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा 10 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 20 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच परामर्श और उपचार की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन डॉ.राजीव शर्मा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.अंकित भट्ट डेंटल सर्जन डॉ.हरीश थपलियाल फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.ऊमारानी शर्मा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.सीमा सिंह ईएनटी सर्जन डॉ. अल्का सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की सहभागिता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *