प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की अधीनस्थ उच्च शिक्षा (वक्ता संवर्ग समूह ‘ग’) विशेष परीक्षा-2025 का आयोजन 26 जुलाई (रविवार) को जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर कराया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं नोडल अधिकारी परीक्षा वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए ताकि परीक्षा का आयोजन पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की अधीनस्थ उच्च शिक्षा (वक्ता संवर्ग) विशेष परीक्षा-2025 दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अंग्रेजी-प्रथम (सब्जेक्ट कोड-5) तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक अंग्रेजी-द्वितीय (सब्जेक्ट कोड-6) की परीक्षा होगी। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रासंगिक प्रावधान प्रभावी रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर बिजली पेयजल एवं चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को पूर्ण गोपनीयता निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
