प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी.मुरुगेशन की अध्यक्षता में आयोजित इस ब्रीफिंग में आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप आईजी एसटीएफ निलेश भरणे आईजी संचार विम्मी सचदेवा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ब्रीफिंग में गढ़वाल और कुमाऊं रेंज से पहुंचे पुलिस बल पीएसी आईआरबी होमगार्ड पीआरडी वन विभाग प्रशासनिक अधिकारी तथा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के जवान भी शामिल हुए। कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 6000 से अधिक पुलिसकर्मियों और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 13 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की भी मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा और व्यवस्थाओं के दृष्टिगत 18 सुपर जोन 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी एवं निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को तथा सेक्टर की जिम्मेदारी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। एसपी सिटी को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी देहात को दी गई है। यातायात व्यवस्था और डायवर्जन योजना की जिम्मेदारी एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव को सौंपी गई है। मेले की सुरक्षा के लिए 10 ड्रोन कैमरों के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की चार टीमें लगातार मेला क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां पुलिस फायर और मेडिकल टीमें 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। मेले में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे। पुलिस कर्मियों के लिए अलग वेलफेयर टीम गठित की गई है जो भोजन पेयजल रेनकोट दवाइयों सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रतिदिन सम्मानित भी किया जाएगा। एडीजी वी.मुरुगेशन ने सभी अधिकारियों और जवानों से कहा कि कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई भीड़ प्रबंधन सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी मूकदर्शक न बनें और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि मेले के दौरान असामाजिक तत्वों धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले प्रयासों सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और डीजे पर आपत्तिजनक गीतों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने बारिश को देखते हुए आवश्यक संसाधन साथ रखने और यातायात व्यवस्था की चौबीसों घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक प्लान में तत्काल बदलाव किया जाए और समय-समय पर क्लीन स्वीप अभियान चलाकर उपद्रवी तत्वों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आईजी एसटीएफ निलेश भरणे ने पूर्व कांवड़ मेलों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सभी वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े कराए जाएं और किसी भी दशा में सड़क किनारे वाहन पार्क न होने दिए जाएं। उन्होंने हरकी पैड़ी सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि यह धार्मिक आस्था का महापर्व है इसलिए ड्यूटी के साथ व्यवहार में भी शालीनता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटी घटनाओं को समय रहते नियंत्रित कर बड़ी घटना बनने से रोकना पुलिस और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को दी जाए ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। एसएसपी नवनीत सिंह ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को मानसून के मद्देनजर रेनकोट टॉर्च, डंडा ओआरएस और अन्य आवश्यक सामग्री साथ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि में कोई भी कांवड़िया सड़क पर न सोए इसके लिए थाना प्रभारी पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित करें। पैदल कांवड़ियों को नहर पटरी मार्ग से ही भेजा जाए और किसी भी सूचना या घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश भी दिए। ब्रीफिंग के अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कांवड़ मेला-2026 में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 21 अपर पुलिस अधीक्षक 39 पुलिस उपाधीक्षक 48 निरीक्षक एवं थाना प्रभारी 424 उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक 1324 मुख्य आरक्षी और आरक्षी 161 महिला आरक्षी 1558 प्रशिक्षु आरक्षी 13 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल 10 कंपनियां पीएसी एवं आईआरबी 700 होमगार्ड 350 पीआरडी जवान 800 विशेष पुलिस अधिकारी 43 फायर सर्विस टीमें 9 बम निरोधक एवं डॉग स्क्वायड टीमें 5 जल पुलिस टीमें 4 एसडीआरएफ टीमें 11 संयुक्त पुलिस चौकियां तथा अन्य राज्यों में भी विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 12-12 घंटे की ड्यूटी संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच हरकी पैड़ी क्षेत्र में विशेष सतर्कता नम्र व्यवहार और त्वरित सूचना आदान-प्रदान सहित विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
