प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जनपद हरिद्वार एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर में साजिद निवासी मोहल्ला बंदरटोल तथा नईम निवासी मोहल्ला किला मंगलौर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए घटनास्थलों और संभावित मार्गों के 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन भी किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार मास्क कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते रहते थे जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 24 जुलाई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पहले दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं जबकि पूछताछ और निशानदेही के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर कुल 18 वाहन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोतवाली मंगलौर भगवानपुर कलियर झबरेड़ा रुड़की सहित उत्तर प्रदेश के देवबंद मुजफ्फरनगर तथा हरियाणा के पानीपत क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस अन्य जनपदों एवं थानों से संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित पुलिस इकाइयों को भी भेज रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पैदल सुनसान क्षेत्रों में पहुंचते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र रईस निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा थाना मंगलौर तथा सोनू पुत्र अल्हादिया निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा थाना मंगलौर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके विरुद्ध पूर्व में भी वाहन चोरी एवं अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं जिनमें स्प्लेंडर स्प्लेंडर प्लस एचएफ डीलक्स और हीरो होंडा सहित विभिन्न मॉडल की बाइक शामिल हैं। इनमें हरिद्वार देहरादून सहारनपुर पानीपत तथा अन्य क्षेत्रों से चोरी किए गए वाहन भी शामिल हैं। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट हेड कांस्टेबल श्यामबाबू कांस्टेबल रणवीर कांस्टेबल मनदीप कांस्टेबल उत्तम सिंह कांस्टेबल के.डी.राणा कांस्टेबल मोहम्मद आमिर एवं कांस्टेबल महिपाल सिंह उपस्थित रहे।
