Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान जनपद हरिद्वार में प्रतिदिन बढ़ रही कांवड़ यात्रियों की संख्या और प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनहित एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों उच्च शिक्षण संस्थानों प्राविधिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक शैक्षणिक कार्य के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ यात्रियों के सुचारु और सुरक्षित आवागमन के लिए विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन एवं मार्ग बंद रखने की व्यवस्था लागू रहेगी। मेले की चरम अवधि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में संभावित कठिनाइयों तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश अवधि के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थान ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य का संचालन सुनिश्चित करेंगे जिससे शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से जारी रह सकें। उन्होंने संबंधित विभागों तथा सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था जनसुरक्षा एवं छात्र-छात्राओं के हितों का प्रभावी ढंग से संरक्षण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *