प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भीरी में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 65 लोगों की नेत्र जांच की गई जिनमें 10 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। इन सभी मरीजों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी के निर्देशन में आयोजित शिविर में विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून की विशेषज्ञ स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की नेत्र जांच की। जांच के दौरान 10 लोगों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन मरीजों को रविवार को विवेकानंद नेत्रालय की टीम देहरादून ले जाएगी जहां उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर में निकट दृष्टि दोष से पीड़ित 10 ग्रामीणों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए जबकि 40 लोगों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविरों की श्रृंखला के तहत आगामी 1 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में भी शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए लोग अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर अथवा आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं। शिविर में विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून के नेत्र विशेषज्ञ डॉ.नितिन रावत दृष्टिमितिज्ञ सुभाष वर्तवाल फार्मेसिस्ट सौरभ रावत तथा सहायक सूरज और सुरेश कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
