प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में श्रीदेव सुमन पुण्यतिथि दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। जिला कारागार नई टिहरी स्थित श्रीदेव सुमन स्मृति स्थल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों अधिकारियों छात्र-छात्राओं सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अमर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान स्मृति स्थल पर स्थापित श्रीदेव सुमन की प्रतिमा के साथ उनकी ऐतिहासिक बेड़ियां भी दर्शनार्थ रखी गईं। उपस्थित लोगों ने उनका अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट करते हुए ‘अमर शहीद श्रीदेव सुमन अमर रहें’ के नारों के साथ परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन सत्य न्याय और जनाधिकारों के लिए संघर्ष की अमिट मिसाल है। उनका त्याग और बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्र सेवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर जिला कारागार परिसर में मुख्य विकास अधिकारी नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उत्पादों तथा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता को मुख्य विकास अधिकारी ने डाइजर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। अंडर-14 बालिका वर्ग में अंजली रतूड़ी प्रथम यशस्वी द्वितीय एवं आरोही तृतीय रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में फैजल प्रथम दिव्यांशु द्वितीय तथा महेश बेलवाल तृतीय स्थान पर रहे। ओपन बालिका वर्ग में मानसी प्रथम बबीता नेगी द्वितीय एवं मनीषा भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं ओपन बालक वर्ग में अनूप प्रथम अमन द्वितीय तथा रक्षित पंवार तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में बताया गया कि अमर शहीद श्रीदेव सुमन ने तत्कालीन टिहरी रियासत में जनाधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया। कारावास के दौरान उन्होंने 84 दिनों तक ऐतिहासिक आमरण अनशन किया और 25 जुलाई 1944 को मातृभूमि एवं जनहित के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 25 जुलाई को पूरे प्रदेश में श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मो.असलम अपर पुलिस अधीक्षक दीपक उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता जेल अधीक्षक अभिलाष गैरोला तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
