प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ शनिवार को हुआ। शिविर के पहले दिन 110 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता के निर्देशन तथा शिविर प्रभारी डॉ.वैष्णव कृष्णा एवं डॉ.प्रियम गुप्ता के समन्वय में आयोजित शिविर में 44 पुरुषों और 66 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान 10 लोगों की उच्च रक्तचाप 23 लोगों की मधुमेह 51 महिलाओं की स्तन कैंसर तथा 10 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 110 लोगों की मुख कैंसर जांच छह गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच 25 लोगों की क्षय रोग स्क्रीनिंग की गई। वहीं 19 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा छह लाभार्थियों को पोषण संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया। प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन लीवर फंक्शन किडनी फंक्शन और लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 88 विभिन्न जांचें की गईं जबकि 25 मरीजों के एक्स-रे भी किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 26 जुलाई रविवार को अवकाश होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ.प्रियम गुप्ता ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया।
