प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 25 शिकायतों पर सुनवाई की गई। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष 13 शिकायतों को समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जन संवाद के दौरान तिलणी सुमेरपुर निवासी गुड्डी देवी ने बताया कि भारी बारिश के कारण उनके आवास के सामने बना पुश्ता खिसक गया है जिससे मकान को खतरा पैदा हो गया है। निषणी निवासी राजन सिंह ने जलागम परियोजना कार्यालय को फतेहपुर मार्ग पर संचालित किए जाने की मांग रखी। पूर्व प्रधान प्रदीप मलासी ने कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही किया जाना चाहिए। लेख लावड़ी निवासी धूमा देवी ने बताया कि अनुसूचित जाति से होने के बावजूद उनके पास पक्का मकान नहीं है इसलिए उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए। भुनालगांव निवासी रश्मि देवी ने ग्राम सभा के उपप्रधान चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूर्व में हुई जांच पर असंतोष व्यक्त किया और मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की। धारकोट निवासी संती देवी ने क्षेत्र में पेयजल समस्या का मामला जिलाधिकारी के समक्ष रखा। शिकायतों की सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 100 तथा एल-2 स्तर पर 23 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने इन सभी मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर क्षेत्राधिकारी विकास पुंडीर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशीष रावत मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय लोक निर्माण विभाग के संजीव सैनी जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।
