Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। शिविर के अंतिम दिन 133 मरीजों ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में 56 पुरुष और 77 महिलाओं को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान 15 लोगों की रक्तचाप तथा 20 लोगों की मधुमेह जांच की गई। वहीं 53 महिलाओं की स्तन कैंसर और 53 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच भी की गई। इसके अलावा 25 लाभार्थियों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई गईं तथा तीन लोगों को अटल आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए। 25 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता पोषण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सात लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा 101 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के दौरान प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन लीवर फंक्शन टेस्ट किडनी फंक्शन टेस्ट और लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 66 जांचें की गईं। इसके अलावा 10 एक्स-रे भी किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 28 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ.प्रियम गुप्ता ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों चिकित्सा अधिकारियों नर्सिंग अधिकारियों पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *