प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) भारत द्वारा डायट रुड़की में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी का सोमवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद तथा एनसीईआरटी के अतिरिक्त निदेशक प्रमेन्द्र सकलानी पहुंचे और प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन किया। इस अवसर पर एनबीटी इंडिया के प्रभारी सुमित सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की पुस्तकें बच्चों से लेकर वयस्कों तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और शिक्षाप्रद हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में हरिद्वार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी इस प्रकार की पुस्तक प्रदर्शनियों का आयोजन कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित हो सके और उनमें अध्ययन के प्रति रुचि बढ़े। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा उपयोगी पुस्तकों का अध्ययन एवं क्रय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छी पुस्तकें व्यक्तित्व निर्माण और ज्ञानवृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। एनसीईआरटी के अतिरिक्त निदेशक प्रमेन्द्र सकलानी ने राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पुस्तक प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण साहित्य से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने राष्ट्रीय पुस्तक न्यास इंडिया के इस प्रयास की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से पुस्तक प्रदर्शनी का लाभ उठाने और अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की।
