Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशानुसार फायर सर्विस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 27 जुलाई को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में नरेंद्र नगर क्षेत्र के होटल रेस्टोरेंट ढाबों और अस्थायी पंडालों का व्यापक फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में स्थापित प्राथमिक अग्निशमन उपकरण फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं आपातकालीन निकास मार्ग विद्युत वायरिंग गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग तथा अन्य अग्नि सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम रखा जा सके। फायर ऑडिट के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं उन्हें तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संचालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि कांवड़ मेले जैसे बड़े आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है इसलिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान होटल रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों तथा कर्मचारियों को अग्निकांड की स्थिति में प्रारंभिक बचाव अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग गैस रिसाव होने पर बरती जाने वाली सावधानियां सुरक्षित निकासी तथा आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। टिहरी पुलिस और फायर सर्विस ने कहा कि कांवड़ मेला 2026 के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने सभी होटल रेस्टोरेंट ढाबा और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp